नरोत्तमपुर में सागौन की पेड़ से लटकता मिला 30 वर्षीय युवक का शव


राजातालाब: संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने की जांच

विधिक आवाज़ समाचार | रिपोर्ट: राजेश कुमार यादव
राजातालाब, वाराणसी | 30 मार्च 2025

राजातालाब थाना क्षेत्र के जख्खिनी पुलिस चौकी अंतर्गत नरोत्तमपुर स्थित दुर्गा मंदिर के पास शनिवार सुबह सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय युवक का शव सागवान के पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान शाहंशाहपुर निवासी सूरज बनवासी के रूप में हुई है।

घटना का विवरण

सूत्रों के अनुसार, सूरज बनवासी अपने ससुराल कमहरिया कोइलरा से लौटने के बाद शुक्रवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था। सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच

घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब थाना प्रभारी अजीत वर्मा और जख्खिनी चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार में मचा कोहराम

सूरज बनवासी के अचानक इस तरह मौत से परिवार सदमे में है। उनकी पत्नी उर्मिला बनवासी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है।

संदेह और आगे की कार्रवाई

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और साजिश है। मृतक के घरवालों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।

विधिक आवाज़ के लिए विशेष रिपोर्ट

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال