नर्मदापुरम। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को खाद वितरण में बरती गई लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने कार्य में कोताही बरतने वाले 2 समिति प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
नर्मदापुरम जिले में खरीफ सीजन के दौरान खाद वितरण, ऋण वसूली और ईआरपी (ERP) कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इस दौरान शाखा मुख्य पिपरिया और शाखा शिवपुर के अंतर्गत आने वाली समितियों में अनियमितताएं सामने आईं।
निलंबित किए गए अधिकारी:
- सुश्री गरिमा बिलासपुरिया: समिति प्रबंधक (शाखा पिपरिया - रामपुर एवं मटकुली)।
- श्री दयाशंकर दादौरिया: समिति प्रबंधक (शाखा शिवपुर - भैसादेह, पगढाल एवं बिसौनीकलां)।
बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री विनयप्रकाश सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों प्रबंधकों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय 'प्रधान कार्यालय, नर्मदापुरम' निर्धारित किया गया है।
7 अन्य समितियों को चेतावनी
खाद वितरण में सुस्ती और अनियमितताओं के चलते बैंक प्रबंधन ने 7 अन्य समितियों के प्रबंधकों और सहायक प्रबंधकों को भी कड़ी चेतावनी दी है। CEO ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी नियमित कृषक सदस्यों को तत्काल प्रभाव से खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे खाद वितरण प्रक्रिया पर निरंतर निगरानी रखें ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
