नशे के सौदागरों पर प्रदेशव्यापी प्रहार: तीन दिनों में 1.27 करोड़ से अधिक की संपत्ति और मादक पदार्थ जब्त


मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और अवैध खेती के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस ने कई कार्रवाइयां कर गांजा, एमडी ड्रग्स और स्मैक/ब्राउन शुगर बरामद की हैं। इन मामलों में तस्करों की गिरफ्तारी करने के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहनों समेत करीब 1 करोड़ 27 लाख 9 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

जबलपुर

  • भेड़ाघाट क्षेत्र: चौकीताल नहर के पास संदिग्ध रूप से खड़ी एक स्कार्पियो की जांच के दौरान डिक्की में खाकी टेप से बंद 12 पैकेटों में रखा 136 किलो 84 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

  • घमापुर क्षेत्र: चांदमारी तलैया इलाके में गांजा बेचने में शामिल एक महिला को पकड़ा गया। उसके घर की अलमारी में रखे थैले से 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है।

हरदा

  • सिराली क्षेत्र: रहटाकलां बस स्टैंड के समीप कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर नशे की खेप के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।

इंदौर

  • हीरानगर क्षेत्र: मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, जिसके कब्जे से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की 12.90 ग्राम ब्राउन शुगर मिली।

  • कनाड़िया क्षेत्र: कार्रवाई के दौरान मंदसौर के एक आरोपी को 20 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी से ड्रग्स और कार समेत लगभग 4 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई है।

  • अन्य कार्रवाइयां: जूनी इंदौर, राजेंद्र नगर और हीरानगर थानों की पुलिस ने 51.52 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की, वहीं क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो सप्लायरों को गिरफ्तार कर करीब 6 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

इस तरह इंदौर पुलिस ने कुल मिलाकर लगभग 11 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

छतरपुर

  • अलीपुरा क्षेत्र: रात्रि गश्त के दौरान आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी कर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैगों में पैकेटों के भीतर 20 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

भोपाल

  • एमपी नगर जोन-2: क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत की 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की।

  • वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे: निर्माणाधीन इमारत के पास ग्राहक को एमडी ड्रग्स देने पहुंची कानपुर निवासी महिला को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 1 लाख 35 हजार रुपये मूल्य की 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

  • अन्य मामला: एक अन्य कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने 2.46 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे मादक पदार्थ के अलावा एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन समेत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

तीनों मामलों में पुलिस ने कुल मिलाकर करीब 5 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

सतना

  • रामपुर बाघेलान क्षेत्र: ऑपरेशन प्रहार-2.0 के अंतर्गत पुलिस ने 4 लाख 50 हजार रुपये अनुमानित कीमत की 117.70 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर जब्त की। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

गुना

  • राघौगढ़ क्षेत्र: स्मैक तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 17.40 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत 2 लाख 47 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मऊगंज

  • हनुमना क्षेत्र: ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत प्रतापगंज इलाके में सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ी बोरी से 24 किलो 620 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार 620 रुपये है। डायल-112 से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।

पन्ना

  • अजयगढ़ क्षेत्र: घर के आंगन में गांजे की अवैध खेती किए जाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके से लगभग 2 लाख रुपये कीमत का 27 किलो 350 ग्राम गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्रदेशभर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध व्यापार या मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समय पर प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال