इंदौर: पितृ पर्वत के सामने दर्दनाक हादसा, पिकअप की टक्कर से 12वीं की छात्रा की मौत, दूसरी गंभीर


इंदौर: शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 12वीं की छात्रा की जान चली गई। पितृ पर्वत के सामने एक अनियंत्रित पिकअप चालक ने दो छात्राओं को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक स्कूटर को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल है।

तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर

गांधी नगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 18 वर्षीय प्रिया (प्रियांशी), पुत्री सुभाष निवासी जम्बुड़ी हप्सी के रूप में हुई है। प्रिया अपनी सहेली के साथ स्कूटर (MP 09 DP 5172) पर सवार होकर पितृ पर्वत गई थी। शाम करीब 6:30 बजे जब वे वापस लौट रही थीं, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार पिकअप वाहन (MP 09 GJ 2636) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

मानवता शर्मसार: घायल को घसीटता रहा ड्राइवर

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद भी पिकअप चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह सड़क पर गिरी छात्रा और स्कूटर को कुछ दूरी तक घसीटता रहा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस (108) को कई बार फोन किया, लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुँची। अंततः राहगीरों ने डायल-112 की मदद से दोनों छात्राओं को सांवेर रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया।

शादी की चल रही थीं तैयारियाँ, घर में मचा कोहराम

प्रिया के भाई अनिकेत ने बताया कि बहन की सगाई धार जिले के धतुरिया गांव में हो चुकी थी और परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा था। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली प्रिया की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव और परिवार में मातम पसर गया है। वहीं, हादसे में घायल प्रिया की सहेली के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई

गांधी नगर पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी गई है।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال