शहपुरा। जबलपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने अपना शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम ने शुक्रवार को शहपुरा तहसील के ग्राम मेरेगांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित रेत का एक विशाल जखीरा पकड़ा है।
प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
औचक निरीक्षण के दौरान टीम को ग्राम मेरेगांव में लगभग 4 हजार घनमीटर अवैध रेत का भंडारण मिला। बाजार दर के अनुसार, जब्त की गई इस रेत की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। खनिज अधिकारी ए.के. राय और एसडीएम शहपुरा मदन सिंह रघुवंशी के मार्गदर्शन में इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
सामग्री सुपुर्दगी में दी गई
मौके पर मिली अवैध रेत को प्रशासन ने पूरी तरह जब्त कर लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण सामग्री को आगामी आदेश तक ग्राम मेरेगांव के वार्ड पंच, श्री ज्ञानी सिंह राजपूत की सुपुर्दगी में रखा गया है।
संयुक्त टीम की सक्रियता
इस बड़ी कार्यवाही में नायब तहसीलदार महेश सोलंकी, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कल्याण सिंह क्षत्रि, बेलखेड़ा थाना प्रभारी धन्नू सिंह गौंड, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव, पटवारी दिलीप ठाकुर और होमगार्ड के जवान सहित राजस्व और खनिज विभाग का पूरा अमला मुस्तैद रहा।
प्रशासन की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मामले में वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
