इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। महू वृत्त के प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पवन टीकेकर और उनकी टीम ने घेराबंदी कर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और उसे ले जा रही एक चार पहिया वाहन को जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
विभाग को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीथमपुर मार्ग से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने भेंसलाय गांव के पास नाकाबंदी की। टीम को देखते ही वाहन चालक (एमपी 09-सीजे-9152) मारुति सुजुकी डिजायर कार को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जप्ती का विवरण:
- अवैध शराब: गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें 12 कार्टून देशी प्लेन मदिरा मिली।
- मात्रा: कुल 180 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
- कुल मूल्य: जब्त मदिरा और वाहन का अनुमानित बाजार मूल्य 4 लाख 39 हजार रुपये आंका गया है।
कानूनी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने वाहन और शराब को विधिवत कब्जे में लेकर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। विभाग अब फरार आरोपी की तलाश कर रहा है और मामले की विवेचना की जा रही है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार और सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
