बुधनी/नर्मदापुरम। गंभीर रूप से बीमार नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिए मध्य प्रदेश प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है। नर्मदापुरम जिले के ग्राम रसूलिया निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग श्री राम गोपाल टोकसे को ब्रेन हेमरेज होने के बाद उच्च स्तरीय उपचार के लिए 'पीएम श्री एयर एम्बुलेंस' के जरिए नागपुर रेफर किया गया।
प्रशासन की त्वरित पहल
बुजुर्ग की नाजुक स्थिति को देखते हुए नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने सीहोर जिला प्रशासन से संपर्क कर बुधनी स्थित ट्रायटेंड हेलीपैड पर एयर एम्बुलेंस की लैंडिंग और मरीज के आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का अनुरोध किया।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देश पर सीहोर प्रशासन तुरंत 'एक्शन मोड' में आ गया। बुधनी तहसीलदार श्री ललित सोनी ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता मरीज को सुरक्षित और बिना किसी देरी के हेलीपैड तक पहुँचाना था। अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से पूरी प्रक्रिया को अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से अंजाम दिया। सुबह करीब 11 बजे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से श्री टोकसे को नागपुर के लिए रवाना किया गया, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
जीवन रक्षक बनी 'पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा'
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मई 2024 में शुरू की गई 'पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा' प्रदेश के दूरस्थ और आपातकालीन स्वास्थ्य संकटों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य गंभीर रूप से बीमार मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और मुफ्त चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
यह घटना दर्शाती है कि राज्य सरकार न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित कर रही है, बल्कि आपात स्थिति में अपने नागरिकों की जान बचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ 'नवाचार' (Innovation) पर भी जोर दे रही है। प्रशासन के इस मानवीय और त्वरित सहयोग की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
