रतलाम। जिले के आलोट क्षेत्र में उपभोक्ताओं से अधिक वसूली करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नापतौल विभाग ने 15 जून को बड़ी कार्रवाई की है। निर्माता द्वारा घोषित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से 5 से 15 रुपये तक अधिक कीमत वसूलने वाली कई दुकानों के विरुद्ध विभाग ने आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
नियंत्रक नापतौल मध्यप्रदेश श्री ब्रजेश सक्सेना और कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में विभाग ने स्थानीय बाजार में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निम्नलिखित दुकानों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया:
- वैष्णवी सांची मिल्क पार्लर (कारगील चौराहा)
- जोधपुर स्वीट्स एवं नमकीन (कारगील चौराहा)
- सांवरिया किराना स्टोर्स (कारगील चौराहा)
- आशीष बेकरी (विक्रमगढ़ रोड)
- श्री बालाजी स्वीट्स नमकीन कार्नर (स्टेशन रोड)
- सांईराम इन्टरप्राईजेस एवं ओम सांईराम इंडस्ट्रीज (मुंडलाकला फंटा)
भागने का प्रयास विफल
कार्रवाई के दौरान 'सांईराम इन्टरप्राईजेस' पर मौजूद विक्रेता अपना नाम-पता बताए बिना मौके से भाग निकला। इसके बावजूद, विभाग ने दुकान के नाम और पते के आधार पर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की है।
प्रशासन की दो-टूक: उपभोक्ता संरक्षण सर्वोपरि
नापतौल विभाग के निरीक्षक श्री भारत भूषण ने बताया कि यह कृत्य 'विधिक मापविज्ञान (पैकेज वस्तु) नियम' का सीधा उल्लंघन है, जो कि एक दंडनीय अपराध है। जांच दल में श्री भारत भूषण के साथ श्री मोहनलाल खेर, श्री मयंक गोयल और श्री प्रवीण गेहलोत शामिल रहे।
प्रशासन ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वे अनिवार्य रूप से वस्तु पर अंकित MRP पर ही विक्रय करें। ग्राहकों से अपील की गई है कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगता है, तो इसकी शिकायत तत्काल नापतौल विभाग या प्रशासन को करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
