इंदौर: बिचौली हप्सी में राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.5 करोड़ की शासकीय भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त


इंदौर। जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, अवैध कब्जों और अवैध कॉलोनियों के विकास के खिलाफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रशासन का सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को बिचौली हप्सी अनुभाग में राजस्व विभाग द्वारा एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार श्री अनिल पटेल, हल्का पटवारी और राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने ग्राम बिहाड़िया में कार्रवाई करते हुए लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराया।

कार्रवाई के प्रमुख बिंदु:
  • शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया: ग्राम बिहाड़िया स्थित भूमि सर्वे क्रमांक 264/1 (कुल रकबा 6.438 हेक्टेयर) में से राजाराम पिता शंकरलाल यादव द्वारा शासकीय भूमि के लगभग एक एकड़ क्षेत्र पर अवैध कब्जा किया गया था। मौके पर बने टिन शेड को ध्वस्त कर इस बेशकीमती भूमि को मुक्त कराया गया।
  • अवैध कॉलोनी निर्माण पर बुलडोजर: जिला प्रशासन के अभियान के तहत अवैध कॉलोनाइजर अतुल अग्रवाल द्वारा भूमि सर्वे क्रमांक 241/6/1 एवं 241/6/2 पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया। यह जमीन भूमि स्वामी श्रवण यादव, लाल सिंह, लक्ष्मीनारायण पिता मोहन व अन्य की है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال