इंदौर: दूध एवं दुग्ध उत्पादों की शुद्धता पर विशेष प्रहार, 9 डेयरी व प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 37 खाद्य नमूने किए गए संग्रहित


इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश और खाद्य सुरक्षा प्रशासन मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन में, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के नेतृत्व में इंदौर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमों ने विभिन्न डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता मानकों की जांच की और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे हैं।

दो दिवसीय कार्रवाई का ब्योरा:
अभियान के दौरान कुल 9 डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और 37 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए। कुछ प्रमुख स्थानों पर 'मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब' (MFTL) के माध्यम से मौके पर ही स्पॉट टेस्टिंग भी की गई:

20 जुलाई की कार्रवाई:
  1. मदनी दूध डेयरी एवं स्वीट्स (नेताजी सुभाष मार्ग): प्रोपराइटर श्री शेरू खान के इस प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध, पनीर, घी, दही, मलाई बर्फी और मिल्क केक के 06 नमूने लिए गए। रेफ्रिजरेटर की साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर सुधार के कड़े निर्देश दिए गए।
  2. सांवरिया दूध भंडार (दौलतगंज): प्रोपराइटर श्री पुरुषोत्तम मेहता के प्रतिष्ठान से दूध और दही के 02 नमूने संग्रहित किए गए।
21 जुलाई की कार्रवाई:
  1. शिवशक्ति मिल्क एण्ड स्वीट्स सेंटर (स्कीम नंबर-78): यहाँ मोबाइल लैब से स्पॉट टेस्टिंग करते हुए दूध, दही, पनीर और घी के 04 नमूने लिए गए।
  2. अंबे डेयरी एण्ड स्वीट्स (अरण्य नगर): प्रभारी श्री मुकेश मेहता की उपस्थिति में जांच की गई और दूध-पनीर के कुल 05 नमूने संग्रहित किए गए।
  3. श्री कृष्ण दूध दही भंडार (स्कीम नंबर-78): प्रोपराइटर श्री दिलीप यादव के यहाँ जांच में सामने आया कि राजगढ़ जिले के प्लांट से उत्पाद मंगाकर बेचे जाते हैं। यहाँ से 04 नमूने लिए गए।
  4. मां अंबे दूध दही भंडार एण्ड किराना स्टोर (सुदामा नगर): प्रोपराइटर श्री अंकित पाटीदार के यहाँ से दूध व दही के 02 नमूने लिए गए।
  5. पाटीदार डेयरी (देव नगर): प्रोपराइटर श्री विष्णु पाटीदार के प्रतिष्ठान से दूध, दही, पनीर, मावा, घी और पेड़े के 06 नमूने लिए गए।
  6. पूजा नमकीन, स्वीट्स एण्ड डेयरी (विदुर नगर): श्री फतेह सिंह की उपस्थिति में दूध, दही, पनीर, मावा और मिठाई के 05 नमूने लिए गए।
  7. कृष्ण नमकीन, स्वीट्स एण्ड एवरफ्रेश (विदुर नगर): श्री राजेंद्र राजपूत के प्रतिष्ठान से दूध, दही और नमकीन के 03 नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य कारोबारकर्ताओं को सख्त निर्देश:
निरीक्षण के दौरान कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि दूध और दुग्ध उत्पाद अत्यंत शीघ्र खराब होने वाली श्रेणी में आते हैं, इसलिए निर्धारित तापमान पर कोल्ड चेन का पालन करें। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित पेस्ट कंट्रोल, मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र अद्यतन रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रशासन की दो टूक चेतावनी:
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال