मध्यप्रदेश में निवेशकों का स्वागत: मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले श्याम सेल एंड पावर के पदाधिकारी, पीथमपुर में दूसरी इकाई के लिए रखी निवेश की मंशा


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और निवेशक प्रदेश में निवेश करने के लिए गहरी रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि "समृद्धशाली देश के दिल में निवेश करने के इच्छुक प्रत्येक निवेशक का दिल से स्वागत है।"

मंगलवार को मप्र विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में श्याम सेल एंड पावर लिमिटेड के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कंपनी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर श्री संजय अग्रवाल और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर श्री दीपक कुमार गौर ने मुख्यमंत्री को अपनी भावी परियोजनाओं की जानकारी दी।

पीथमपुर में पहले से संचालित है इकाई:
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि उनकी कंपनी स्टेनलेस स्टील का निर्माण करती है। धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में उनकी एक निर्माण इकाई पहले से संचालित है, जिसमें कंपनी ने 550 करोड़ रुपये का निवेश कर 1300 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।

1000 करोड़ के नए निवेश और रोजगार की योजना:
कंपनी अब पीथमपुर में ही अपनी दूसरी उत्पादन इकाई शुरू करना चाहती है, जिसके तहत लगभग 1000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने और 1000 से अधिक लोगों को रोजगार देने की योजना है। इसके लिए कंपनी ने मुख्यमंत्री से अतिरिक्त भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया है।

प्रशासनिक तैयारी और सहयोग:
प्रमुख सचिव (औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन) श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी को प्रदेश की सभी नवीन औद्योगिक नीतियों से अवगत कराया गया है। कंपनी ने अपनी दूसरी इकाई के लिए भी पीथमपुर को ही चुना है और इसके तहत उन्हें पहले ही 25 एकड़ भूमि दी जा चुकी है, लेकिन आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है।

इस अवसर पर म.प्र. औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री चन्द्रमौली शुक्ला सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال