इंदौर: बिचौली के ग्राम जामन्या खुर्द में शासकीय चरनोई भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, पक्का मकान और सड़क ध्वस्त


इंदौर। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत राजस्व विभाग की टीम ने बिचौली अनुभाग के ग्राम जामन्या खुर्द में चरनोई मद की शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया है।

सर्वे क्रमांक 198 पर की गई कार्रवाई:
राजस्व विभाग की टीम ने सर्वे क्रमांक 198 की लगभग एक एकड़ शासकीय भूमि का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि उक्त भूमि पर अवैध रूप से पक्का मकान और पक्की सड़क का निर्माण किया जा रहा था।

प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से निर्माणाधीन पक्के मकान, पक्की सड़क और खंभों की बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया और इस बहुमूल्य शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा लिया। यह कार्रवाई ग्राम जामन्या खुर्द निवासी अतिक्रमणकारी रामप्रसाद दुबे के विरुद्ध की गई है।

प्रशासनिक दल की मौजूदगी:
इस पूरी कार्रवाई के दौरान एसडीएम बिचौली श्री अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार श्री अनिल पटेल, अतिरिक्त तहसीलदार सुश्री शिखा सोनी सहित राजस्व निरीक्षक और पटवारियों का पूरा दल मौके पर मौजूद रहा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय और चरनोई भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال