इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर प्रवास के दौरान शहरवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए मध्यप्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण किया। लवकुश चौराहे पर 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस फ्लाईओवर को मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में चहुँमुखी विकास हो रहा है तथा इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं।
सिंहस्थ-2028 और यातायात सुगम बनाने में मददगार:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात को सुगम बनाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे यात्रा के समय में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और नागरिकों को सुरक्षित व सुविधाजनक आवागमन मिलेगा। यह परियोजना 'विकसित इंदौर' और 'विकसित मध्यप्रदेश' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक अहम अधोसंरचनात्मक उपलब्धि है।
त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था की विशेषता:
इस परियोजना की सबसे प्रमुख विशेषता इसकी त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है:
- प्रथम स्तर: लवकुश चौराहे का सामान्य यातायात।
- द्वितीय स्तर: वर्तमान फ्लाईओवर एवं मेट्रो रेल कॉरिडोर।
- तृतीय स्तर: नया डबल लेयर फ्लाईओवर। इससे चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा।
इंजीनियरिंग की अनूठी विशेषताएँ:
- इस ब्रिज का निर्माण इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) द्वारा किया गया है।
- लगभग 1,450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण में 22 मीटर की ऊँचाई पर 65 मीटर लंबे एवं 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर स्थापित किए गए हैं।
- इस पूरी परियोजना में कुल 800 टन स्टील संरचना का उपयोग किया गया है।
यातायात संचालन और आगामी कार्य:
इस फ्लाईओवर की एक भुजा के शुरू हो जाने से अरविंदो से बाणगंगा की ओर जाने वाला यातायात प्रारंभ हो गया है। इस फ्लाईओवर की दूसरी भुजा का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है, जो आगामी दिनों में बनकर तैयार हो जाएगी।
इस लोकार्पण कार्यक्रम में इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा और इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े उपस्थित रहे।
