स्कूली और यात्री वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: बिना परमिट दौड़ रहीं दो स्कूल बसों समेत तीन वाहन जब्त


इंदौर। जिले में स्कूली बच्चों और आम यात्रियों के सुरक्षित सफर को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर परिवहन विभाग (आरटीओ) और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम ने महू-पीथमपुर मार्ग पर बड़े स्तर पर वाहन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान 60 से अधिक स्कूल बसों, उपनगरीय बसों और अन्य यात्री वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें वैध परमिट के बिना संचालित हो रहीं दो स्कूल बसों सहित कुल तीन वाहनों को जब्त कर लिया गया।

दस्तावेजों के साथ सुरक्षा उपकरणों की भी हुई पड़ताल जांच अभियान के दौरान संयुक्त दल ने वाहनों के परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और बीमा जैसे जरूरी कागजातों की बारीकी से जांच की। इसके अतिरिक्त, वाहनों की तकनीकी स्थिति, परमिट नियमों के पालन, आग बुझाने वाले यंत्रों (अग्निशमन उपकरण) और स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली को भी परखा गया। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने बसों में सवार विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। इस दौरान उनसे यह जानकारी जुटाई गई कि कहीं चालक तेज रफ्तार से गाड़ी तो नहीं चलाते या ड्राइविंग के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल तो नहीं करते।

नियम तोड़ने वालों पर 40 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना चेकिंग के दौरान मोटरयान अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने और विभिन्न खामियां पाए जाने पर छह वाहनों के संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इन वाहन संचालकों पर 40 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। इस पूरी संयुक्त मुहिम में राजस्व विभाग से महू एसडीएम, महू तहसीलदार और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (इंदौर) के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

आगे भी जारी रहेगी आकस्मिक जांच जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शैक्षणिक संस्थानों के वाहनों में तय सुरक्षा मानकों को लागू कराने के लिए पूरे जिले में इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। प्रशासन ने सभी स्कूल संचालकों, शैक्षणिक संस्थानों और लोक परिवहन से जुड़े वाहन मालिकों को सख्त हिदायत दी है कि वे केवल पूरी तरह फिट और वैध दस्तावेजों वाले वाहनों का ही संचालन करें। साथ ही, माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों और सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال