मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर लगाने की परियोजना को उपभोक्ता हितैषी और प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ता 'ऊर्जस ऐप' के माध्यम से अपनी दैनिक बिजली खपत सहित कई अन्य जानकारियां देख सकते हैं, जिससे वे खपत को नियंत्रित कर अपने बिजली बिल को संतुलित रख सकते हैं।
इन स्मार्ट मीटरों की मदद से उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अवधि (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) के दौरान की गई बिजली खपत की अलग से गणना के आधार पर 'टाइम ऑफ द डे' (टीओडी) छूट का लाभ भी मिल रहा है। अक्टूबर के बिलिंग माह में कंपनी स्तर पर उपभोक्ताओं को कुल 18.92 करोड़ रुपये की यह छूट दी गई है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग के आदेशानुसार दिन में बिजली खपत की अलग गणना कर यह टीओडी छूट प्रदान की जा रही है। इसके तहत, सुबह 9 से शाम 5 बजे की सौर ऊर्जा अवधि में स्मार्ट मीटर द्वारा दर्ज की गई कुल यूनिट खपत पर लगने वाले ऊर्जा प्रभार में नियमानुसार 20 प्रतिशत की रियायत दी जा रही है।
अक्टूबर माह के बिलों में खपत के आधार पर दी गई 18.92 करोड़ रुपये की कुल छूट में सबसे अधिक लाभ इंदौर महानगर के उपभोक्ताओं को मिला है, जहां 9 करोड़ रुपये की रियायत दी गई। इसके अलावा उज्जैन जिले में 1.63 करोड़ रुपये और रतलाम जिले में 1.19 करोड़ रुपये की छूट प्रदान की गई है, साथ ही अन्य शहरी क्षेत्रों के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को भी इस रियायत का लाभ मिला है।
