भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से रील बनाने और सड़कों पर हुड़दंग मचाने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ड्राइवर ने ग्राहक की कार पर अपना मालिकाना हक समझते हुए शहर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट करना शुरू कर दिया। हालांकि, उसका यह शौक भारी पड़ गया और ट्रैफिक पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न सिर्फ गाड़ी जब्त कर ली, बल्कि आरोपी को भी हवालात की हवा खिला दी।
चलती कार से बाहर निकलकर किया स्टंट, राहगीर ने बनाया वीडियो
यह पूरी घटना गुरुवार की देर रात की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महारानी लक्ष्मीबाई (MLB) कॉलेज से पॉलिटेक्निक चौराहे की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार का ड्राइवर बेहद जानलेवा स्टंट कर रहा था। वह चलती गाड़ी में ड्राइविंग सीट का दरवाजा खोलकर बाहर की ओर लटक गया। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक सतर्क राहगीर ने इस खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस, घेराबंदी कर पकड़ा
जैसे ही सोशल मीडिया पर स्टंट का यह वीडियो तेजी से फैला, भोपाल यातायात पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। ट्रैफिक सूबेदार जितेंद्र अटेरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू करवाई। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे व्हीकल नंबर के जरिए कार को ट्रैक किया। इसके बाद ऐशबाग के जनता क्वार्टर इलाके में घेराबंदी कर कार सहित आरोपी ड्राइवर को दबोच लिया गया।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा:
पकड़ा गया 25 वर्षीय आरोपी चालक समीर, ऐशबाग की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी है और एक प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी में बतौर ड्राइवर काम करता है। जांच में पता चला कि यह कार रश्मि प्रिया नाम की महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस कार को ट्रांसपोर्टेशन के जरिए पुणे से पटना भेजा जा रहा था। बीच रास्ते में गाड़ी भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर में रुकी थी, जहां से आरोपी समीर कार को आगे भेजने के बजाय उसे लेकर शहर में मौज-मस्ती और स्टंटबाजी करने निकल पड़ा।
गाड़ी जब्त, एमवी एक्ट के तहत केस दर्ज
ड्राइवर की इस घोर लापरवाही और खतरनाक ड्राइविंग को देखते हुए श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने आरोपी समीर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और ग्राहक की कार को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है।
