नीमच: जिले के मनासा क्षेत्र में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम जालीनेर के समीप हुई एक फिल्मी कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स टीम ने डोडाचूरा से लदी एक लग्जरी कार जब्त की है और चालक को गिरफ्तार किया है।
नाकेबंदी से बचने के लिए मारी टक्कर
सूत्रों के अनुसार, सीबीएन की टीम को मुखबिर से तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर जालीनेर के पास नाकाबंदी की गई। जब संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने गाड़ी को तेजी से मोड़ने की कोशिश की। इस दौरान कार ने सीबीएन के वाहन को टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने के कारण कार पास ही स्थित एक नहर में जा फंसी।
बारिश और अंधेरे में खेतों में दौड़ा, फिर दबोचा गया
दुर्घटना के बाद चालक ने अंधेरे और हो रही मूसलाधार बारिश का फायदा उठाने का प्रयास किया। वह कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारियों और जवानों ने खेतों में काफी दूर तक पीछा कर अंततः आरोपित को धर दबोचा।
तस्करी का बड़ा जखीरा बरामद
नहर से कार निकालने के बाद जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो टीम को अंदर से 11 प्लास्टिक के कट्टे मिले। इनमें कुल 1 क्विंटल 86 किलो 680 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सीबीएन ने बरामद डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। आरोपित चालक के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, टीम इस बात की जांच कर रही है कि इस खेप को कहाँ से लाया गया था और इसमें कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं। नारकोटिक्स ब्यूरो का कहना है कि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है।
