भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 6 दिनों में शानदार सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए लगभग 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है और 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कई अंतरराज्यीय और संगठित गिरोहों का पर्दाफाश कर चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा किया गया है।
विभिन्न जिलों की प्रमुख उपलब्धियां:
- गुना: पुलिस ने चैन चोरी के 8 प्रकरणों का खुलासा करते हुए 3 अंतरराज्यीय संगठित गिरोहों के 13 आरोपियों को दबोचा। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से 21 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की 11 सोने की चेन बरामद की गईं।
- भोपाल जीआरपी: ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण और अन्य सामग्री बरामद हुई।
- शिवपुरी: थाना देहात पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर शटर और ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक कार सहित कुल 11 लाख 60 हजार रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई।
- बड़वानी: सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश कर सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 12 लाख रुपये मूल्य की शत-प्रतिशत चोरी गई संपत्ति बरामद की।
- सीहोर: थाना कोतवाली पुलिस ने दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी पुजारी को गिरफ्तार किया और लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की।
- खरगोन: पुलिस ने तीन सूने मकानों में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2.40 लाख रुपये के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस की कार्यप्रणाली:
प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश पुलिस आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और अंतर-राज्यीय समन्वय का सहारा ले रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध यह कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
