माखननगर: कनकधारा वेयरहाउस में अमानक मूंग मिलने पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, वेयरहाउस सील और नमूने जांच हेतु भेजे गए


नर्मदापुरम। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा को माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में भंडारित मूंग की गुणवत्ता को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने एक संयुक्त जांच दल का गठन किया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नर्मदापुरम की अध्यक्षता में गठित इस दल में जिला आपूर्ति अधिकारी, उप संचालक कृषि और जिला विपणन अधिकारी शामिल थे।

औचक निरीक्षण में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं:
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने कनकधारा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भंडारित मूंग के लॉट की गहन जाँच में भारी अनियमितताएँ पाई गईं:
  • भंडारित मूंग में निर्धारित मानकों से अधिक मात्रा में मिट्टी मिली हुई थी।
  • निरीक्षण के दौरान कुछ बोरियाँ पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई पाई गईं, जो गुणवत्ता मानकों का गंभीर उल्लंघन है।
वेयरहाउस सील और सख्त निर्देश:
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर कनकधारा वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही, अमानक मूंग के नमूने (सैंपल) लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिले में ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार, एसडीएम श्री देवेंद्र सिंह, उप संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी, MPWLC के शाखा प्रबंधक, NAFED के प्रतिनिधि और माखननगर तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال